नौतन सिवान: सिवान जिले के नौतन थाना अंतर्गत नरकटिया गांव में एक वृद्ध महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई। महिला रात को नरकटिया गांव से बाहर स्थित अपने मुर्गी फार्म पर सोई थी। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने गला रेत कर महिला को मौत के घाट उतार दिया।
मुर्गी फार्म पर सो रही थी महिला
शुक्रवार की सुबह जब गांव के लोग मुर्गी फार्म की तरफ गए तो देखा कि महिला मृत पड़ी है। मृतिका गोपालगंज के हथुआ थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी नथुनी राय की 85 साल की पत्नी नंद दुलारी कुंवर है। मृतिका के बेटे धनंजय राय ने बताया कि मुर्गी फॉर्म को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से विवाद था। बार-बार मुर्गी फॉर्म बंद करने के लिए धमकी दिया करते थे। जान से मार देने की धमकी पहले भी कई बार दे चुके हैं। महिला प्रतिदिन अपने मुर्गी फॉर्म पर सोती थी।
जांच में जुटी पुलिस
नौतन थाना की पुलिस अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची व छनबीन में जुट गई। थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि हत्या का कारण आपसी विवाद लग रहा है। परिजनों से आवेदन मिला है। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। और जल्द ही हत्यारों का पता लगा लिया जाएगा।