महाराजगंज सिवान: सिवान जिले के महाराजगंज थाना अंतर्गत पटेढा गांव में शुक्रवार को एक नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला है। मृतिका का नाम सविता देवी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही महाराजगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। वही नवविवाहिता का शव मिलने की घटना से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
2 महीने पहले हुई थी शादी
मृतिका पटेढा गांव निवासी नीतीश कुमार की 26 वर्षीय पत्नी सविता देवी है। सविता और नीतीश की शादी 2 महीने पहले ही हुई थी। घटना के बाद महिला के ससुराल वाले फरार हैं। पुलिस महिला के ससुर लाल बिहारी को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।
परिवारवालों ने बताया दहेज उत्पीड़न का मामला
सविता के माता पिता ने आरोप लगाया है कि जब से शादी हुई थी तब से ससुराल पक्ष वाले दहेज के लिए दबाव बना रहे थे उसके साथ ससुराल पक्ष वाले आए दिन मारपीट कर रहे थे और दहेज को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे सविता के पिता ने बताया कि अभी 2 माह पहले ही नीतीश और सविता की हिंदू रीति रिवाज से शादी हुई थी। सविता के भाई ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए उसके शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया है।
घटना के बाद महाराजगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तहकीकात कर रही है फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल में भेज दिया गया है।