सिवान: सिवान के रेड क्रॉस में सोमवार को आयोजित दिव्यांग शिविर में विभाग के अधिकारियों के द्वारा बड़ी लापरवाही देखने को मिली है। स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था और अधिकारियों की लापरवाही की वजह से 25 दिव्यांग जनों को सड़क पर गंदगी में बैठना पड़ा। इस दौरान दिव्यांगजन घंटो तक सड़क पर ही बैठे रहे और रेड क्रॉस के मुख्य गेट का ताला खुलने का इंतजार करते रहे। 10:45 पर गेट का ताला खुला।
दिव्यांगता शिविर को लेकर सिवान के अलग-अलग गांवों से दिव्यांगजन पहुंचे थे। सुबह 8:00 बजे से ही दिव्यांगों का कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह के 10:00 बज जाने के बाद भी रेडकस का मुख्य गेट का ताला बंद रहा। दिव्यांग जनों का कहना था कि हम काफी दूर से आए हैं। लेकिन गेट नहीं खुलने के कारण बाहर ही नीचे बैठने को मजबूर हैं। दिव्यांगों ने कहा कि हम आम आदमी जैसे इधर- उधर चल नहीं सकते,इसलिए मजबूरी में नीचे सड़क पर ही बैठे रहें।
45 मिनट तक नहीं खुला रेड क्रॉस का गेट
करीब 45 मिनट की देरी से रेड क्रॉस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मुख्य गेट का ताला खोला। इसके बाद दिव्यांग अंदर गए। 500 दिव्यांग शिविर में शामिल हुए। डॉक्टरों की देखरेख में सभी दिव्यांग जनों की जांच कर उन्हें प्रमाण पत्र दिया गया। इस संबंध में सिवान के सिविल सर्जन अनिल कुमार भट्ट ने कहा कि अगर कोई कर्मचारी समय से नहीं पहुंचता है। तो यह उसकी घोर लापरवाही है। इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
Add DM to Home Screen