पचरुखी सिवान: सिवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के समीप एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। युवक की पहचान सारण के मुफस्सिल थाना अंतर्गत करेंगे कोठी गांव निवासी फागू बैठा के 23 वर्षीय पुत्र अजय बैठा के रूप में हुई है। अजय पचरुखी बाजार स्थित बंधन बैंक के रिलेशनशिप ऑफिसर के पद पर कार्यरत था।
कैश कलेक्ट करने के दौरान हुई हत्या
बुधवार को सुबह 10:00 बजे अजय बैंक में रिपोर्ट करने के बाद दरौदा थाना क्षेत्र के इंदापुर गांव में लोन का कलेक्शन करने के लिए निकला था। वही पैसा कलेक्ट करने के बाद वापस लौटते वक्त चांदपुर गांव के पास तीन बाइक पर सवार छह की संख्या में हथियार से लैस नकाबपोश अपराधियों ने उसे घेर लिया। उसके पास रखें कलेक्शन के पैसे छीनने लगे। अजय ने जब इसका विरोध किया तो अपराधियों ने पीठ और पेट में गोली मार दी। तथा लगभग 90 हजार रुपए की लूट करके फरार हो गए। इसके साथ ही मोबाइल, टेबलेट और अन्य जरूरी कागजात भी ले गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बंधन बैंक कर्मी को दी। बंधन बैंक कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
1 साल से पचरुखी बंधन बैंक में कार्यरत था
अजय के सहकर्मियों ने बताया कि वह बीते 1 साल से पचरुखी बंधन बैंक में अपनी सेवा दे रहा था। वह रिलेशनशिप ऑफिसर के पद पर कार्यरत था। जिसका काम फील्ड से लोन की राशि कलेक्शन करना था। कर्मी ने बताया कि लगभग 83,515 रुपए कलेक्शन की राशि थी। अजय ने सिस्टम में अपडेट कर दिया था। बाकी अन्य और कलेक्शन की राशि अपडेट नहीं है।
पचरुखी थाना अध्यक्ष रामबालक यादव ने कहा कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्दी अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।